अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन, दो गंभीर

  • नैनीताल। नगर के समीपवर्ती दोगांव क्षेत्र में नैनीताल की ओर आ रहा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक समेत एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचित करने के साथ ही राहत कार्य चलाया। पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। जिनको 108 से उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया गया है।जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम कालाढूंगी निवासी भूपेंद्र सिंह बिष्ट नैनीताल से वाहन संख्या यूके-04- एए- 2627 से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ एक अन्य साथी डॉ हिमांशु कांडपाल भी मौजूद थे। दोगांव क्षेत्र में पहुंचने पर सड़क पर हल्का कोहरा लगा हुआ था। इसी बीच अचानक संकरे मोड़ पर चालक को सड़क का अंदाजा नहीं आया और वाहन खाई की ओर गिर गया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खाई की ओर से आवाज सुन राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। साथ ही खाई में उतर कर पुलिस के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि दोनों घायलों को 108 के माध्यम से उपचार के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया है। घटना की सूचना घायलों के स्वजनों को भी दे दी गयी है।