खुर्पाताल के जंगलों में अराजक तत्वों ने लगाई आग
नैनीताल। खुर्पाताल क्षेत्र में मंगलवार को देर शाम अराजक तत्वों ने आग लगा दी थी। जिससे रात भर जंगल धधकते रहे। देर रात वन विभाग की कोशिश के बाद भी बुधवार को दूसरे दिन भी जंगल की आग नहीं बुझ पाई।
खुर्पाताल रूसी बाईपास क्षेत्र में मंगलवार को देर शाम अराजक तत्वों ने आग लगा दी थी। देर रात आग फैली तो जंगल धधक उठा। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन टीम आग पर काबू नहीं पा सकी। जिसके बाद बुधवार को भी दूसरे दिन जंगल में आग धधकती रही। वहीं ग्रामीणों में आग आबादी क्षेत्र तक पहुंचने का डर बना हुआ है। इधर मनोरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। खड़ी पहाड़ी होने के कारण पहाड़ी की आग बुझाना मुश्किल है। लेकिन आबादी क्षेत्र में आग ना पहुंचे इसके लिए टीम मौके पर ही मौजूद है। बताया कि जंगल में आग लगाने वाले की खोजबीन भी की जा रही है। फिलहाल आग बुझाने की कोशिश जारी है। संवाद











