भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल के दो फुटबॉल खिलाड़ियों का पुणे पायनियर फुटबॉल क्लब में चयनविद्यालय में हर्ष का माहौल, खिलाड़ियों के प्रदर्शन की क्लब ने की सराहना


नैनीताल। भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, नैनीताल के लिए गौरव का क्षण आया है। विद्यालय के दो होनहार फुटबॉल खिलाड़ी दिनेश सिंह नेगी और शिवम कुमार का चयन पुणे के प्रतिष्ठित पायनियर फुटबॉल क्लब प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है। चयन की खबर मिलते ही पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष और उल्लास का माहौल है।
पायनियर फुटबॉल क्लब को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त है और यह देश के अग्रणी फुटबॉल क्लबों में से एक है। क्लब ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को भेजे पत्र में सूचित किया है कि दोनों खिलाड़ी वहां शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अपने खेल से सभी को प्रभावित कर रहे हैं।
विद्यालय की इस बड़ी उपलब्धि पर प्रबंधक एडवोकेट ज्योति प्रकाश, डीएसबी कैंपस की निदेशक प्रोफेसर नीता बोरा शर्मा, प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता, फुटबॉल कोच एवं व्यायाम शिक्षक गोविंद सिंह बोरा सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उप प्रधानाचार्य प्रवीण सती, वरिष्ठ शिक्षक आलोक शाह एवं अन्य शिक्षकों ने दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह चयन अन्य छात्रों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।