तेज बारिश के बाद नैनी झील में पहुंचे प्लास्टिक कचरे की नैनिताल एक्वाटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने की सफाई

नैनीताल, । बीते दिन हुई तेज बारिश के कारण शहर के विभिन्न नालों एवं जलधाराओं के माध्यम से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें और अन्य ठोस कचरा नैनी झील में पहुंच गया। झील के पर्यावरण एवं स्वच्छता को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए नैनिताल एक्वाटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने बुधवार को विशेष झील सफाई अभियान चलाया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने झील से बड़ी संख्या में प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन तथा अन्य तैरता हुआ कचरा बाहर निकाला। स्वयंसेवकों ने झील के विभिन्न हिस्सों में जाकर कचरा एकत्र किया और उसे सुरक्षित रूप से निस्तारण के लिए अलग किया। अभियान का उद्देश्य बारिश के साथ झील में पहुंचने वाले प्लास्टिक कचरे को तत्काल हटाने के साथ-साथ नैनी झील के संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक करना भी रहा।
सफाई अभियान में प्रो. रीतेश साह, प्रो. संजय घिल्डियाल, यशपाल सिंह रावत, सिद्धि, धीरज बिष्ट, विक्रम, आशीष मेहता सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की। सदस्यों ने कहा कि नैनी झील केवल नैनीताल की पहचान ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है। वर्षा के दौरान शहर से झील में पहुंचने वाले प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को रोकने के लिए निरंतर जनभागीदारी और नियमित सफाई अभियान आवश्यक हैं।
एसोसिएशन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की कि वे प्लास्टिक की बोतलें, पॉलीथिन और अन्य कचरा झील अथवा उसके आसपास न फेंकें तथा नैनी झील को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।











