नैनीताल में भारी बारिश से तीनमूर्ति के पास मल्ला कृष्णापुर क्षेत्र में हुआ भूस्खलन, मकानों को खतरा, एक बिजली पोल गायब

नैनीताल। नैनीताल में भारी बारिश से मंगलवार देर शाम नैनीताल के तीन मूर्ति स्थित मल्ला कृष्णपुर में भारी भूस्खलन हो गया। भूस्खलन से क्षेत्र के 3 से 4 मकानों को खतरा पैदा हो गया है और पैदल मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार चंद्र कांत पंत और जी.डी. जोशी के घर के नीचे अचानक भूस्खलन हुआ। लगातार बारिश के बाद तेज पानी के बहाव के साथ मलबा आने से यह घटना हुई। घटना में दो बिजली के पोल हवा में लटक गए, जबकि एक बिजली का पोल मलबे में गायब हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दी गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मौके पर प्रशासन की कोई टीम नहीं पहुंची थी, जिससे लोगों में आक्रोश है। वहीं क्षेत्र में बिजली बाधित होने की सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी कंचन जोशी, प्रदीप पांडे, रेवाधर और अमित तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद विद्युत व्यवस्था को सुचारू किया। लोगों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजाम करने और क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग को ठीक करने की मांग की है।