भीमताल और नौकुचियाताल में क्लीन नैनीताल और ग्राफिक एरा इको क्लब ने चलाया स्वच्छता अभियान, युवाओं ने सफाई अभियान चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ पर्यटन का संदेश

भीमताल,। नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों भीमताल और नौकुचियाताल में सोमवार को क्लीन नैनीताल टीम और ग्राफिक एरा, भीमताल के इको क्लब ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस अभियान में युवाओं और स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रशांत तिवारी ने बताया कि अभियान में ग्राफिक एरा के इको क्लब की टीम का नेतृत्व सानिध्य पांडे ने किया, जबकि क्लीन नैनीताल टीम का नेतृत्व संस्था के संस्थापक आशु निगम ने किया। दोनों टीमों ने मिलकर क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
पर्यटन स्थलों पर बढ़ते प्लास्टिक कचरे और गंदगी के बीच युवाओं की यह पहल सामुदायिक भागीदारी का उदाहरण बनी। क्लीन नैनीताल टीम लंबे समय से नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियानों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रही है।
अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों से प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।










