उत्तराखंड में महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति पर मंथन


नैनीताल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में ‘उत्तराखंड में महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान विषय विशेषज्ञों ने विचार रखे। कार्यक्रम में महिलाओं की स्थिति को लेकर शोधार्थियों ने शोध पत्र भी पेश किए।
यहां आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. सीडी सूंठा ने की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता डॉ. सर्वजीत यादव एसोसिएट प्रोफेसर राजनीति शास्त्र विभाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर ने महिला सशक्तिकरण के विषय में वृहद व्याख्यान पेश किया। इसके अलावा अन्य स्थानों से पहुंचे विशेषज्ञों ने महिला सशक्तिकरण पर विचार रखे। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग की शोधार्थी पूजा जोशी ने भारत में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा: विकास योजनाओं और कार्यक्रमों का विश्लेषण विषय पर शोध पत्र पेश किया। इसके अलावा वाणिज्य विभाग डीएसबी परिसर की शोधार्थी सूबिया नाज समेत शोधार्थी संगीता, सुनील कालाकोटी, रश्मि, किरन टम्टा आदि शोधार्थियों ने भी शोध पत्र प्रस्तुत किए। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. पीसी मठपाल ने संगोष्ठी के समापन के अवसर पर अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी की आयोजक सचिव डॉ. प्रतिभा नेगी ने नारीशक्ति के विषय में विचार रखे जिसमें उन्होंने उत्तराखंड में नारी शक्ति की सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस संगोष्ठी को प्रासंगिक बताया। संयोजक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने मुख्य वक्ता समेत समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया।