केंद्र से आई टीम ने नगर के बीडी पांडे अस्पताल का निरीक्षण किया

नैनीताल। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की टीम बुधवार को जिला अस्पताल बीडी पांडे में निरीक्षण के लिए पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में दी जा रहीं आधुनिक सुविधाएं और उपचार संबंधी जानकारी चिकित्सकों और स्टाफ से ली। साथ ही मरीजों से भी उनका हालचाल जाना।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को केंद्र से पहुंची टीम ने अस्पताल में साफ सफाई, उपकरण व दस्तावेजों का जायजा लिया। 2 दिन के निरीक्षण के बाद टीम अपनी सर्वे रिपोर्ट बनाएगी, जिसके तहत प्रमाण पत्र की श्रेणी में आने वाले अस्पतालों को प्रति वर्ष दस हजार रुपये प्रति बैड के आधार पर आर्थिक सहायता दिये जाने का प्रावधान है। जिससे अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई जा सके। इस क्रम में बीडी पांडे अस्पताल का भी विशेषज्ञों द्वारा निरीक्षण किया गया।
टीम की प्रभारी डॉ. निर्मालिया रॉय ने इस मौके पर बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से अस्पतालों में सुविधा विस्तार करने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मानकों को पूरा करने वाले अस्पतालों को केंद्र की ओर से आर्थिक मदद मिलेगी, जिससे अस्पतालों में स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को सुगम बनाया जा सके। बताया कि इस क्रम में बीडी पांडे अस्पताल को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र दिये जाने के लिए निरीक्षण किया गया है। अस्पताल के छह अनुभाग प्रभारियों का साक्षात्कार करने के साथ ही सघन जानकारी ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर ही अस्पताल को प्रमाण पत्र दिये जाने अथवा नहीं देने का निर्णय दिया जाएगा।
इस दौरान डॉ. निम्मित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. भागीरथी जोशी, पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत, डॉ अनिरूद्ध गंगाेला, डॉ. सतीश पंत, दीपक कांडपाल, जितेश कुमार आदि मौजूद रहे।











