नैनीताल में सूखे की मार, अभी नही बर्फबारी के आसार

नैनीताल: सरोवर नगरी में तेज धूप के बावजूद शीत लहर ने पीछा नहीं छोड़ा। अलबत्ता सूखी ठंड चरम पर है। फिलहाल बर्फबारी के कोई आसार नहीं है।
नगर में बुधवार को पूरे दिन धूप खिली रही। धूप का मिजाज जितना खुश था, सर्द हवा उतनी ही तल्ख बना रहा। जिस कारण ठंड ने पूरे दिन पीछा नहीं छोड़ा। लोग गर्म ऊनी कपड़ों के साथ टोपी मफलर में लिपटे रहे। अधिक ठंड के चलते लोग हिमपात के कयास लगा तो रहे हैं, लेकिन मौसम विशेषज्ञों ने हिमपात होने की संभावना को सिरे से नकार दिया है। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ पर्यावरण विज्ञानी डा नरेंद्र सिंह ने बताया कि मैदानी भागों में कोहरा छाया रहने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों के मौसम में बदलाव आया है। अगले कुछ दिन मौसम सूखा रहेगा। जिस कारण सूखी ठंड बनी रहेगी। नौ नवंबर से मौसम में बदलाव आयेगा और ऊंचाई वाले हिस्दो में हिमपात की संभावना भी बन सकती है। बहरहाल तापमान सामान्य चल रहे हैं। उधम सिंह नगर में सामान्य से नीचे जा रहा है। जी आई सी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नगर का अधिकतम तापमान 13 व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 80 व न्यूनतम 50 फीसद दर्ज की गई।