ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू करने के विरोध में उतरे भाजपाई, व्यापारियों के साथ पालिका कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

नैनीताल। नगर पालिका द्वारा आय बढ़ोतरी को लेकर नगर में ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू होने से पूर्व विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को पालिका के निर्णय से नाराज भाजपाइयों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि पालिका की ओर से ट्रेड लाइसेंस शुल्क लगाया गया तो पालिका के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
वर्ष 2020 में पालिका बोर्ड में शहर में 129 व्यवसायों पर ट्रेड लाइसेंस शुल्क लगाने का प्रस्ताव पास किया गया था। कार्यालय प्रक्रिया प्रकाशन के बाद पालिका की ओर से प्रस्ताव को गजट नोटिफिकेशन के लिए भेज दिया गया है। मंगलवार को व्यापारियों को यह खबर लगी तो भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ व्यापारी पालिका कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व में ही नगर पालिका भवन और सफाई कर ले रही है। एक अतिरिक्त कर लागू कर व्यापारियों की जेब पर डाका डाला जा रहा है। प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क बड़े कारोबारियों के साथ ही छोटे काम काज में लगे लोगों से भी वसूल किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी करने से पहले पालिका की ओर से व्यापारियों से आपत्ति भी नहीं मांगी गई। जिस पर पालिका अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बताया कि प्रस्ताव 2020 में बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। पालिका की ओर से प्रकाशन के साथ ही आपत्तियां भी मांगी गई थी। पूर्व में व्यापारियों की 10 आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद ही प्रस्ताव को गजट नोटिफिकेशन के लिए भेजा गया है। जिस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी दशा में शहर में ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू नहीं होने दिया जाएगा। यदि पालिका ने अपनी मनमानी की तो कार्यकर्ता व्यापारियों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे। भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने कहा कि पालिका में पूर्व में भी कई अनियमितताएं सामने आई है जिनका उजागर होना बहुत जरूरी है उन्होंने कहा कि पालिका में मनमाने तरीके से काम हो रहे हैं l भाजपाइयों ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा l विरोध प्रदर्शन करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, विश्वकेतु वैद्य, सभासद मोहन नेगी, रोहित भाटिया, महेंद्र बिष्ट, सचिन गुप्ता, कमलेश, विवेक वर्मा अतुल पाल विकी राठोर सभासद भगवत रावत आयुष भंडारी प्रकाश नौटियाल कुंदन नेगी समेत तमाम कार्यकर्ता व व्यापारी शामिल थे ।











