18 हजार मानदेय और स्थायीकरण की मांग को लेकर भोजनमाताएं दो दिन हड़ताल पर

नैनीताल। न्यूनतम 18 हजार रुपये मानदेय और स्थायीकरण समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर भोजनमाताएं मंगलवार से दो दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल पर हैं। प्रगतिशील भोजनमाता संगठन के आह्वान पर 17 और 18 नवंबर को कार्य बहिष्कार कर भोजनमाताएं सरकार से समस्याओं के समाधान की मांग उठा रही हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की गई है।ज्ञापन में कहा गया है कि राजकीय विद्यालयों में भोजनमाताएं वर्षों से बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन उन्हें महज तीन हजार रुपये के आसपास मानदेय दिया जा रहा है। महंगाई के दौर में इतनी कम राशि से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल है। भोजन बनाने के अलावा उनसे सफाई, बागवानी और चौकीदारी जैसे अतिरिक्त कार्य भी कराए जाते हैं। परीक्षा, प्रशिक्षण और चुनाव ड्यूटी में भी उनकी सेवाएं ली जाती हैं, लेकिन अतिरिक्त काम का अलग से पारिश्रमिक नहीं दिया जाता।संगठन ने कहा कि कई भोजनमाताएं 20 साल से अधिक समय से सेवाएं दे रही हैं, इसके बावजूद उनके रोजगार की सुरक्षा नहीं है। विद्यालयों के विलय और छात्र संख्या कम होने पर उन्हें हटा दिया जाता है। नियमित अवकाश और सामाजिक सुरक्षा की सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।भोजनमाताओं ने न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी घोषित करने, स्थायीकरण, पीएफ-ईएसआई और अवकाश की सुविधा देने की मांग की है। साथ ही विद्यालय बंद होने पर नजदीकी स्कूल में समायोजन, लंबित भुगतान, बोनस और सुरक्षित रसोई की व्यवस्था करने की मांग उठाई है। अक्षयपात्र फाउंडेशन के माध्यम से भोजन तैयार कराने पर रोक और संगठन के साथ नियमित वार्ता की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।













