नैनीताल में ‘समर्पण 2026’ की संगीतमय संध्या, शास्त्रीय संगीत से झूमा हॉल

नैनीताल। ताल साधना संगीत अकादमी नैनीताल की ओर से रविवार शाम को भारतीय शास्त्रीय संगीत की संगीतमय संध्या समर्पण 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सीआरएसटी इंटर कॉलेज, मल्लीताल स्थित जगदीश लाल शाह सभागार में हुआ। कार्यक्रम के संयोजक अमन महाजन रहे। सैकड़ों दर्शक कार्यक्रम देखने पहुंचे और सभी दर्शक शास्त्रीय वाद्य यंत्रों और कलाकारों के कंठों से निकले स्वरों के कायल हो गए। तालियों से सारा सभागार गूंज उठा।कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध संचालक हेमंत बिष्ट ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद अकादमी के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों का कोरस और वादन भी अद्भुत रहा। दर्शकों ने उनके लिए जोरदार तालियां बजाईं।कार्यक्रम में रिटायर्ड प्रोफेसर गिरीश चंद्र तिवारी,वरिष्ठ पत्रकार राजू लोचन साह, हेमलता तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लकार्यक्रम में पखावज वादन में रोमन दास, स्वर गायन में पंकज आर्य ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। पंकज आर्य ने ‘मुरली सुनिए चलो री, मुरली सुनिए, कान्ह बजाई जमुना तीर’ की प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।अंतिम चरण में सितार वादक डॉ. गोपाल कृष्ण शाह ने प्रस्तुति दी। संचालक ने उनका परिचय देते हुए बताया कि वे भारतीय शास्त्रीय संगीत की शुद्ध और पारंपरिक शैली के प्रचारक हैं। प्रारंभिक प्रशिक्षण उन्होंने अपने पिता पंडित हरिकृष्ण साह से प्राप्त किया। इसके बाद वे पद्मभूषण से सम्मानित उस्ताद विलायत खान के शिष्य पंडित अरुण पारीक के सानिध्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्वर्ण पदक विजेता डॉ. शाह ऑल इंडिया रेडियो के ग्रेडेड कलाकार हैं और राष्ट्रपति भवन, संगीत नाटक अकादमी, एनसीपीए मुंबई, हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन जालंधर सहित अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर प्रदर्शन कर चुके हैं। जापान, बेल्जियम, फ्रांस, रोम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भी एकल प्रस्तुतियां दी हैं। वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय के संगीत एवं ललित कला संकाय में सितार के सहायक प्रोफेसर हैं। उनका बचपन नैनीताल में बीता है।डॉ. शाह ने कहा कि शीतकालीन वातावरण में हम पोषित हुए और ताउम्र मेरी स्मृति में यह बसा है। अपने शहर को याद करते हैं और शहर जब याद करता है तो बहुत खुशी मिलती है। आज इस संस्था के माध्यम से आपके समक्ष प्रस्तुत होने का अवसर मिला है। सर्दी में भी आप लोग इतनी देर तक मुझे सुनने आए, इसके लिए तहे दिल से धन्यवाद। उन्होंने कहा कि मैं राग बागेश्वरी से अपना कार्यक्रम शुरू करूंगा। कोशिश करूंगा कि कम समय में जितना भी थोड़ा-बहुत मुझे आता है, आपके समक्ष प्रस्तुत करूं।संचालक ने कहा कि जहां एक ओर हम पॉप और रैप संगीत की ओर जा रहे हैं, वहीं अमन महाजन जैसे युवाओं ने नई पीढ़ी को शास्त्रीय विधा से जोड़ने का प्रयास किया है। प्रेमचंद कहते हैं कि संगीत ऐसा होना चाहिए कि दिल पर असर पड़े। जिस गायन से मन में भक्ति, वैराग्य, प्रेम और आनंद की तरंगें न उठें, वो संगीत नहीं।













