कुमाऊँ विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय संस्कृति, परंपरा एवं गौरव को किया गया नमन, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान एवं सांस्कृतिक विरासत को किया स्मरण

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल में 14 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारत की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, विरासत एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। यह दिवस महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया गया था। इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य जनजातीय समुदायों के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं, अधिकारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति समाज को जागरूक करना है। इस अवसर पर संकायाध्यक्ष और मुख्य अतिथि प्रो. ललित तिवारी ने अपने संदेश में कहा कि जनजातीय समुदाय भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी विशिष्ट जीवनशैली, लोककला, लोकसंगीत, पारंपरिक ज्ञान, सामाजिक व्यवस्था तथा प्रकृति के प्रति गहरा जुड़ाव भारतीय सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराओं और ज्ञान को संरक्षित करना तथा उन्हें मुख्यधारा के विकास से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे प्रयासों के माध्यम से समाज में सम्मान, समानता और समावेशिता की भावना को प्रोत्साहित करें।मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. ललित मोहन पांडेय ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में एक महान जननायक के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, सामाजिक अस्मिता तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष केवल स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का भी प्रतीक था। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती ने अपने संदेश में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों, शैक्षिक उन्नयन और सामाजिक सशक्तीकरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के इतिहास, उनकी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान, लोकपरंपराओं एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में जनजातीय समुदायों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके पारंपरिक ज्ञान का संरक्षण भावी पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षक डॉ. सरोज शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकगीत, नृत्य, रीति-रिवाज एवं पारंपरिक जीवन मूल्य हमारी सांस्कृतिक विविधता को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों का प्रकृति के साथ संतुलित सह-अस्तित्व पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण संदेश देता है। नई पीढ़ी को इन परंपराओं के महत्व को समझना और उनका सम्मान करना चाहिए।श्री तेज प्रकाश जोशी ने अपने संदेश में कहा कि भारत की एकता और अखंडता उसकी सांस्कृतिक विविधता में निहित है। जनजातीय समाज ने देश की स्वतंत्रता, सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान नायकों का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में समानता और भाईचारे की भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है। इसी क्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ० हेम चंद्र पांडे ने सभी को इस दिवस के बारे में विस्तार पूर्वक बताया और कार्यक्रम के माध्यम से सभी को जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन, शैक्षिक सशक्तीकरण एवं सामाजिक सम्मान का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों एवं युवाओं से आह्वान किया गया कि वे देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को जानें, उनकी विरासत का सम्मान करें तथा समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के समस्त वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को शत-शत नमन किया गया। जनजाति गौरव पखवाड़ा के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग में आयोजित प्रतियोगिता में कुलदीप कोहली ने प्रथम, पूजा बोरा ने द्वितीय, श्वेता सिंह और कृतिका ने तृतीय तथा मनीष कोहली एवं रिया लाेहनी ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में संकायाध्यक्ष प्रो० ललित तिवारी, प्रो० ललित मोहन पांडे, विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक उप्रेती, डॉ. पुष्पा अधिकारी, डॉ. तेज प्रकाश जोशी, डॉ. वर्षा पंत, डॉ. आकांक्षा शैली, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. हेमा मेहरा, डॉ. दीपिका भट्ट, डॉ. शाहिद हुसैन, डॉ. ललिता जोशी, डॉ. सुरभि बिष्ट, हेम पांडे, डॉ. गीता तिवारी पांडे, हरीश, सुमन एवं विभाग के समस्त विद्यार्थियों ने सहभागिता की।