विधायक सरिता आर्या की जनहित पहल से प्रशासन सक्रिय: हॉर्न प्रतिबंध पर पुनर्विचार, कटमी गजार ट्रॉली हेतु ₹5 लाख की प्रथम किस्त जारी, न्यायालय एवं तहसील में जनसंपर्क अभियान

नैनीताल। नैनीताल विधानसभा की विधायक श्रीमती सरिता आर्या द्वारा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लगातार प्राथमिकता दिए जाने का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं आमजन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी पहल की।
सबसे पहले विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल को जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर ज्ञापन सौंपकर मॉल रोड पर पूर्ण हॉर्न प्रतिबंध के निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि लोअर मॉल रोड पूर्ण रूप से संचालित न होने के कारण अधिकांश यातायात अपर मॉल रोड से गुजर रहा है, जिससे जाम एवं दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही उच्च न्यायालय परिसर के आसपास हॉर्न प्रतिबंध यथावत रखते हुए अन्य क्षेत्रों में व्यावहारिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त पाषाण देवी मंदिर के समीप सार्वजनिक शौचालय को शीघ्र सीवर लाइन से जोड़ने, तथा सात नंबर क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन से प्रभावित मकानों की सुरक्षा हेतु तत्काल स्थायी कार्रवाई करने की भी मांग की। इन सभी विषयों पर जिलाधिकारी द्वारा सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इसी क्रम में कटमी गजार गांव की वर्षों पुरानी ट्रॉली संचालन की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई। जिलाधिकारी द्वारा ट्रॉली संचालन के लिए ₹5 लाख की प्रथम किस्त जारी कर दी गई है। इससे शीघ्र ट्रॉली संचालन प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त होगा तथा क्षेत्रवासियों, विशेषकर स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का सकारात्मक उदाहरण है।
इसके उपरांत विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने जिला सत्र न्यायालय एवं तहसील परिसर में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिवक्ताओं, आमजन एवं विभिन्न वर्गों के लोगों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की जनहितकारी सोच को साझा करते हुए लोगों के सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इन कार्यक्रमों के दौरान भाजपा नैनीताल मंडल अध्यक्ष श्री नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष श्री दयाकिशन पोखरिया, विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक श्री भारत सिंह मेहरा, आईटी संयोजक श्री कमल जोशी, सचिव श्री गरवाल, श्री हेमंत बेदी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष श्री कमल जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री मयंक पंत, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष श्री करन साह सहित भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और नैनीताल विधानसभा की जनता की प्रत्येक समस्या के समाधान हेतु वे निरंतर प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करती रहेंगी।










