मेले में खाद्य सामग्री की दुकानों में गंदगी मिली तो होगी कार्रवाईनंदा देवी महोत्सव को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को दुकानों में निरीक्षण के निर्देश
नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव के दौरान खाद्य सामग्री की दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं। मेला क्षेत्र में लगने वाली खाद्य सामग्री की दुकानों और स्टॉलों का निरीक्षण किया जाएगा। गंदगी या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मेले की शुरुआत में ही सोमवार को मेला परिसर में लगी पकौड़ी की दुकानों पर गंदगी देख कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। स्थानीय लोगों ने ज्योलीकोट क्षेत्र में हाल में सामने आए बीमारी के मामलों का हवाला देते हुए कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में लोग पकौड़ी, चाट और अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं। ऐसे में अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार खाद्य सामग्री के सेवन से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मेला क्षेत्र में खाद्य सामग्री की प्रत्येक दुकान पर साफ-सफाई की व्यवस्था की निगरानी करने के साथ ही पेयजल की गुणवत्ता और व्यवस्था पर भी नजर रखने की मांग की।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गंदगी मिलने या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों से खाद्य सामग्री को ढककर रखने, स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करने और दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।











