सोशल मीडिया पर मिल रही कई धमकियां- स्मृति

नैनीताल। मल्लीताल डीएसए मैदान में लगे भगवे झंडे को लेकर यूट्यूब में वीडियो डालने के मामले में हाईकोर्ट से कोर्ट से राहत पाने के बाद स्मृति नेगी ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान स्मृति नेगी ने कहा कि उसको फेसबुक व यूट्यूब में धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही उसने पुलिस पर भी उसकी शिकायत पर कारवाई करने का आरोप लगाया है।

बता दें कि 15 फरवरी को कोटद्वार निवासी स्मृति नेगी ने मल्लीताल डीएसए मैदान में लगे भगवे झंडे को लेकर अपने विचार रखते हुए एक वीडियो अपने यूट्यूब चैनल में डाला था। जिसके लेकर कई हिंदुवादी संगठनों ने विरोध करते हुए मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देते हुए कारवाई की मांग की थी। जिस पर पुलिस ने केश दर्ज कर समृति को नोटिस भी जारी कर दिए। इधर बीते मंगलवार को हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते ‌हुए स्मृति के खिलाफ जांच पर रोक लगाकर पुलिस से जवाब भी मांगा कि 153 ए व 295 ए धारा किस आधार पर लगाई। इधर बुधवार को स्मृति नेगी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि उसने किसी धर्म का अपमान नहीं किया है। उसने ‌केवल अपना विचार रखा था। लेकिन सोशल मीडिया में कई लोगों द्वारा उसके साथ अभद्रता ‌की जा रही है। साथ ही उसको जान से मारने व रेप की भी धमकी दी जा रही है। स्मृति ने पुलिस पर भी उसको मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही उसकी शिकायत पर कोई कारवाई नहीं करने की बात कही है। कहा कि हिंदुवादी संगठन उसको वीडियो डिलीट कर माफी मांगने को कह रहे हैं।