“सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान : बेतालघाट के जीआईसी लोहाली में लगा विशाल जन कल्याणकारी शिविर

नैनीताल । राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास खण्ड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारम्भ नैनीताल विधायक श्रीमती सरिता आर्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जन समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण शिविर में क्षेत्रीय जनता ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, सीसी मार्ग, विद्युत, राजस्व, एवं स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं रखीं। शिविर में कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए विधायक नैनीताल सरिता आर्य ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि आमजन को योजनाओं का लाभ उनके घर के द्वार पर ही मिले,इसी उद्देश्य से यह शिविर लगाए गए।उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर रहे रहे व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है, सरकार इसी उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में जिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया है उनका निस्तारण शीघ्र ही करते हुए संबंधित को अवगत कराया जाएगा इस संबंध में संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है कि आम जनमानस को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े,और उन्हें घर के नजदीक ही योजनाओं का लाभ मिले।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया तथा लाभ प्रदान किया गया।
महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 3 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। सहकारिता विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार हेतु ऋण संबंधित जानकारियां दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 100 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर दवा वितरण किया गया।
तथा 14 वर्षीय बालिका को कैंसर निरोधक HPV सर्वाइकल टीका लगाकर स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा दिया गया। तथा इस संबंध में लोगों को जागरूक किया गया
शिविर में लगभग 260 लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हुआ।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया शिविर में कृषि, उद्यान, सहकारिता, बाल विकास महिला कल्याण, रीप परियोजना,उरेडा, श्रम, पंचायती राज, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, खाद्य, ग्राम्य विकास एवं राजस्व सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर में अधिकारियों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई । कृषि विभाग किसान सम्मान निधि हेतु KYC, भूमि सत्यापन एवं फार्म रजिस्ट्री कराने की अपील। पीएम फसल बीमा, पीएम किसान सिंचाई योजना, चेनफेंसिंग एवं कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी दी गई।उद्यान विभाग द्वारा उन्नतशील फल पौध, सब्जी बीज एवं मृदा परीक्षण की सुविधा आदि के बारे में जानकारियां दी गई। खेल विभाग मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना एवं मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के बारे में युवाओं को पंजीकरण की प्रक्रिया बताई गई समाज कल्याण द्वारा वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन तथा छात्रवृत्ति योजनाओं के आवेदन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
शिविर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अल्गौर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति, पुराने विद्युत पोलों को बदलने, गांवों में सोलर लाइट लगाए जाने, सहित विभिन्न गांवों में पैदल व सीसी मार्ग मरम्मत, खाता-खतौनी में नाम दर्ज करने सहित सड़क पेयजल स्वास्थ्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यालय भवन की छत मरम्मत कार्य पूर्ण करने, गुलदार व बंदर के आतंक हेतु पिंजरा लगाने की मांग प्रमुखता से रखी। इस संबंध में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान के संबंध में विधायक श्रीमती आर्या ने वन विभाग को शीघ्र पिंजरा लगाने के निर्देश दिए। शिविर में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल द्वारा लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार कर जागरूक किया गया। इस अवसर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष रमेश सुयाल, ग्राम प्रधान निर्मला बिष्ट, उप प्रधान त्रिभुवन बिष्ट, गंगा भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम अनुराग आर्य, तहसीलदार भुवन चंद भंडारी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत,खण्ड विकास अधिकारी पंकज जोशी,जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।









