डीएसबी परिसर की 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी में रैंक समारोह आयोजित

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित ०5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी सब-यूनिट की ओर से आज नैनीताल में कैडेट्स का रैंक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में योग्य कैडेट्स को उनकी नई जिम्मेदारियों के अनुरूप विभिन्न रैंक प्रदान किए गए।
रैंक प्रदान करने के अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नवनियुक्त रैंक प्राप्त कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि रैंक के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। उन्होंने कैडेट्स से अपेक्षा की कि वे अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा अपने आचरण और कार्यों से अन्य कैडेट्स के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।
इस अवसर पर प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल वर्दी और रैंक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में नेतृत्व, टीम भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने रैंक प्राप्त करने वाले कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपने वरिष्ठों से प्राप्त मार्गदर्शन का सम्मान करते हुए अपने साथियों का नेतृत्व सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट अपने व्यवहार, अनुशासन और कार्यों से एनसीसी तथा अपने संस्थान की गरिमा को बढ़ाने का प्रयास करे।
समारोह में सीनियर कैडेट कैप्टन (एससीसी) के रूप में करण सिंह राणा, जबकि कैडेट कैप्टन (सीसी) के रूप में वैशाली कर्नाटक, तुषार पांडे और गौरव सिंह बिष्ट को रैंक प्रदान किए गए। इसी क्रम में पेटी ऑफिसर (पीओ) के रूप में पायल जलाल, प्रीति राणा, साकेत, गौरव जनोटी और हिमांशु गुप्ता को तथा लीडिंग कैडेट (एलएसी) के रूप में ज्योति दानू, सृष्टि गुसाईं, गीतांजलि बिष्ट, मीनाक्षी आर्या, नेहा छिमवाल, अमन, लोकेश, अंकित खाती, रेखा आर्या और मानवी सनवाल को रैंक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भारतीय नौसेना के प्रशिक्षक स्टाफ अनूप कुमार, विक्रांत, सन्नी कुमार एवं सतीश भी उपस्थित रहे। सभी ने रैंक प्राप्त करने वाले कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं और उन्हें एनसीसी के माध्यम से प्राप्त अवसरों का सदुपयोग करते हुए राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान कैडेट्स में विशेष उत्साह दिखाई दिया। रैंक प्राप्त करने वाले कैडेट्स ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने नए दायित्वों को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने कैडेट्स में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और मजबूत किया।










