पुलिस लाइन में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव, झांकियों और नृत्य ने बांधा समां

नैनीताल।पुलिस लाइन नैनीताल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप समेत विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरा परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, विधायक सरिता आर्य, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती और एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 10 वर्षीय सिद्धि की गणेश वंदना से हुई। रियान्जली एंड पार्टी के नन्हे कलाकारों ने ‘धना मेरो नाम छ’ और ‘गुलाबी शरारा’, प्रियांशी मेहता ने ‘कानू मा पहन मधुली झुमका तू’, स्वरा नेगी ने ‘राधा ऑन द डांस फ्लोर’, जियांशी ने कुमाऊंनी-गढ़वाली मिक्स और सिद्धि व शिविका ने ‘इक राधा इक मीरा’ पर नृत्य प्रस्तुत किया। बिड़ला कॉलेज भीमताल ने पंजाबी नृत्य और बिड़ला स्कूल नैनीताल के बच्चों ने भजन प्रस्तुत किया। विशाल प्रकाश ग्रुप ने गणेश वंदना, कलबेलिया और राधा-कृष्ण नृत्य, अविका, रुहिका और पावनी ने ‘अच्युतम केशवम’ तथा चेतना जोशी ने ‘श्याम प्रेम में झूमती’ पर प्रस्तुति दी। माइंड पावर कॉलेज भीमताल, निकेत एंड पार्टी, मन्नत-नव्या-निवेदिता और प्रियांशी ने राजस्थानी, नेपाली व देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए। जी टीवी सा रे गा मा फेम वैशाली, सुप्रसिद्ध गायक नीरज चुफाल, कांस्टेबल गणेश राम, प्रेमा, बसंती पुजारी, शेखर एंड पार्टी, प्रवीण टम्टा, डीएसबी कैंपस के भावेश, रामनगर की साक्षी और मानसी नेगी समेत पुलिस जवानों और बच्चों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। ट्रैफिक पुलिस की रैप सॉन्ग और वीडियो प्ले प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडे और कुमकुम ने किया। इस मौके पर दर्जा मंत्री भावना मेहरा, हाईकोर्ट बार अध्यक्ष डीसीएस रावत, अरविंद पडियार, दयाकिशन पोखरिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन, संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।












