नैनीताल में जन्माष्टमी की धूम, नयना देवी मंदिर में सुबह से लगी भीड़
नैनीताल। l श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर नगर के विभिन्न मंदिरों में भक्तों की सुबह से भीड़ जुटी हुई थी, नगर में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नयना देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मंदिरों में विशेष सजावट और झांकियां सजाई गई हैं। यहां पहुंचे सैलानियों ने भी मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन किए ।घर-घर में लोग छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के वेश में तैयार कर पर्व मना रहे हैं। नन्हे बच्चों के सजे-धजे मनमोहक दृश्य हर किसी का मन मोह रहे हैं। बाजार में भी जन्माष्टमी को लेकर खास रौनक है। कपड़ा व्यापारी पीयूष अग्रवाल ने बताया कि बाजार में जबरदस्त चहल-पहल है। लोग अपने बच्चों के लिए राधा-कृष्ण के परिधानों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में मोर मुकुट, बांसुरी, लहंगा-चोली और पीतांबर वाले कई आकर्षक परिधान उपलब्ध हैं, जिन्हें विशेष रूप से पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा नगर के हाई कोर्ट मार्ग स्थित राधा कृष्ण तथा भवाली रोड कैंट स्थित राधा कृष्ण मंदिर में भी भक्तों की भीड़ जुटी हुई थी।











