युगमंच का 27वां होली महोत्सव 2 मार्च से
नैनीताल l नगर की चर्चित संस्था युग मंच द्वारा 27 वें होली महोत्सव का आयोजन 2 मार्च धूमधाम से प्रारंभ होगा। सप्ताह भर चलने वाले होली महोत्सव का समापन छलडी पर 8 मार्च को शारदा संघ से परंपरागत आशीष के होली जुलूस के साथ किया जाएगा।
युगमंच के होली महोत्सव की यह विशेषता है कि यह मात्र युग मंच का होली महोत्सव ना होकर नगर की तमाम सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थाओं जैसे शारदा संघ, रामसेवक सभा, नैनीताल समाचार, मां नैना देवी ट्रस्ट के साथ ही तमाम होली प्रेमियों का महोत्सव बन गया है, और सभी इस आयोजन में भरपूर सहयोग और योगदान देते हैं और जुड़ाव तथा सौहार्द का एक संदेश देते हैं कि मिलन में ही होली की सार्थकता है।
2 मार्च से प्रारंभ हो रहे होली महोत्सव में पहाड़ के सुदूर अंचल से आई खड़ी होली, महिला होली, बाल होली होंगी तथा वरिष्ठ होलयारों के सम्मान होंगे। इस दिन एक बजे से नैना देवी परिसर में परंपरा अनुसार खड़ी होली दलों द्वारा गायन एवं नर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। 3 बजे से रामलीला मंच मल्लीताल में 27 में होली महोत्सव का समारोह पूर्वक उद्घाटन होगा। तत्पश्चात मंच पर खड़ी होली, महिला होली और बाल होली, स्कूलों के होली दल अपनी होलियां प्रस्तुत करेंगे। उद्घाटन दिवस के इसी सत्र में महिला व पुरुष होल्यारों को वरिष्ठता के क्रम में सम्मानित किया जाएगा।
3 मार्च को खड़ी होली दल मंदिर सहित नगर के विभिन्न चौराहों पर खड़ी होली प्रस्तुत करेंगे। 3 मार्च को ही शारदा संघ एवं युग मंच के संयुक्त तत्वावधान में, शारदा संघ के सभागार में सायं 6 बजे से होली की मुख्य बैठक, ग्रैंड सेटिंग होगी। जिसमें विभिन्न स्थानों से आए एवं स्थानीय बैठकी होली के नामचीन होली गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। यहां बैठ होली गायन के लिए वरिष्ठ होली गायकों को भी सम्मानित किया जाएगा।
4 मार्च को भी बैठ होली का कार्यक्रम जारी रहेगा। 5 मार्च को नैनीताल समाचार की परंपरागत बैठ होली 1 बजे से प्रारंभ होगी। होली के इस सत्र में हल्द्वानी के होलयार डॉo हिमांशु पंकज उप्रेती को सम्मानित किया जाएगा। 6 मार्च को रामसेवक सभा के नेतृत्व में युगमंच सहित नगर के सभी सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों का होली जुलूस तल्लीताल से दिन में 1 बजे से प्रारंभ होगा। 8 मार्च को छलडी के दिन शारदा संघ के नेतृत्व में होली गाते हुए परंपरागत जुलूस प्रातः 11 बजे से शारदा संघ से प्रारंभ होगा। 27वें होली महोत्सव को यादगार और सफल बनाने में युग मंच परिवार के साथ सर्वश्री राजीव लोचन शाह चंद्र लाल शाह, राजा शाह, डॉo हिमांशु देवेंद्र बिष्ट, घनश्याम लाल शाह, जितेंद्र बिष्ट, मंजू रौतेला, विजयलक्ष्मी थापा, विनोद पांडे, मोहन चंद्र जोशी, नवीन बेगाना, मनोज कुमार, स्वतंत्र शाह, सुरेश मेलकानी, भास्कर बिष्ट, अमित शाह, अदिति खुराना, मोहित सनवाल, दीपक सहदेव, दीपक टम्टा, मनोज चौहान, डॉo हिमांशु पांडे, अभिषेक पांडे, रफत आलम, जहूर आलम आदि होली महोत्सव को सफल बनाने में पूरे मनोयोग से तैयारियों में लगे हुए हैं।











