नैनीताल के मार्शल आर्ट खिलाड़ियों ने जम्मू में रचा इतिहास, नेशनल में जीते 13 मेडल

नैनीताल l नैनीताल ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने जम्मू में आयोजित 15वीं नेशनल वोविनम चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर 13 मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।

भगवती नगर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में वोविनम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में क्लब के 15 सदस्यीय दल ने 4 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य पदक जीते।

क्लब अध्यक्ष विश्वकेतु वैद्य और सचिव विनोद कुमार वैद्य के निर्देशन में टीम मुख्य कोच विष्णु के नेतृत्व में जम्मू गई थी। सीनियर वर्ग में सागर सिंह अधिकारी (-50 किग्रा) और सिद्धार्थ सिंह (-54 किग्रा), जूनियर वर्ग में लक्ष्य अधिकारी (42-46 किग्रा) और सब-जूनियर में मानस डालाकोटी (24-27 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। विभोर भट्ट और प्रियंशी टम्टा ने रजत जबकि भूमिका बनवाल, योगेंद्र, रीता आर्या, विशाखा राजपूत, याचना टम्टा, प्रियंशु आर्या और अम्बिका ने कांस्य पदक हासिल किए।
खास बात यह रही कि क्लब के 7 सदस्यों विश्वकेतु वैद्य, योगेंद्र, विभोर भट्ट, सागर सिंह अधिकारी, भूमिका बनवाल, रीता आर्या और प्रियंशी टम्टा ने नेशनल रेफरी कोर्स भी पास किया। इस उपलब्धि पर सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, वोविनम एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषिपाल, सचिव विनोद लखेड़ा सहित खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी।