कुमाऊं विवि के समाजशास्त्र में जमोवी पर राष्ट्रीय कार्यशाला 5-6 को
नैनीताल। कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर स्थित समाजशास्त्र विभाग की ओर से 5 और 6 अक्टूबर को ‘स्टैटिस्टिकल एनालिसिस यूजिंग जमोवी’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला गणित विभाग के सम्मेलन कक्ष में होगी।
आयोजक सचिव प्रो. दीपक पालीवाल और डॉ. सरोज ने बताया कि कार्यशाला में प्रतिभागिता के लिए देशभर से करीब 80 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभिन्न राज्यों से शोधार्थी, परास्नातक विद्यार्थी और शिक्षक कार्यशाला में शामिल होने नैनीताल पहुंचेंगे। सामाजिक विज्ञान के शोध में सांख्यिकीय विश्लेषण के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए कार्यशाला को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह है। कार्यशाला का उद्देश्य शोधार्थियों को निःशुल्क और मुक्त स्रोत सॉफ्टवेयर ‘जमोवी’ के माध्यम से आंकड़ों के विश्लेषण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। प्रतिभागियों को हाथों-हाथ अभ्यास के जरिए डेटा विश्लेषण की विभिन्न तकनीकें सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण के लिए प्रतिभागियों को अपना लैपटॉप साथ लाना होगा। कार्यशाला में इग्नू के डॉ. अश्वनी कुमार और दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. वीरेंद्र प्रताप यादव प्रशिक्षण देंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्य संरक्षक एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, मुख्य वक्ता एवं इग्नू के सामाजिक विज्ञान विद्यापीठ की निदेशक प्रो. नीता माथुर और डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. संजय रहेंगे। समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष एवं संरक्षक प्रो. ज्योति जोशी कार्यशाला का मार्गदर्शन करेंगी।










