कर संबंधी प्रकरणों की वार्डवार समीक्षा बैठक का कार्यवृत्त

नैनीताल नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल एवं अधिशासी अधिकारी श्री रोहिताश शर्मा के निर्देशानुसार कर अधीक्षक श्री दीपेन्द्र बमोला के नेतृत्व में पालिका सभाकक्ष में कर निरीक्षकों एवं कर संग्रहकर्ताओं के साथ कर संबंधी विभिन्न प्रकरणों एवं लंबित मामलों की वार्डवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान नगर पालिका क्षेत्र में भवन कर एवं सफाई कर की वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रह में तेजी लाने तथा लंबित करों की वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निम्नलिखित निर्देश जारी किए गए—
- भवन कर एवं सफाई कर जमा करने की अंतिम तिथि: नगर पालिका क्षेत्र के भवन स्वामियों के लिए भवन कर एवं सफाई कर जमा करने की अंतिम तिथि 02 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
- कर बिलों का वितरण: दिनांक 02 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक वार्ड में स्थित समस्त भवन स्वामियों को भवन कर एवं सफाई कर के बिल अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे निर्धारित समयावधि में कर जमा कराया जा सके।
- बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई: जिन भवन स्वामियों द्वारा निर्धारित समय सीमा तक कर जमा नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार आरसी (RRC) जारी करने एवं बकाया कर की वसूली हेतु एरियर नोटिस जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- कर निर्धारण से वंचित संपत्तियों का सर्वेक्षण: पालिका क्षेत्र में ऐसी समस्त आवासीय एवं अनावासीय संपत्तियों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिनका अभी तक कर निर्धारण नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त नव-निर्मित भवनों एवं संपत्तियों का नियमानुसार कर निर्धारण करते हुए भवन कर एवं सफाई कर की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।
- आरसी जारी संपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई: जिन भवन स्वामियों के विरुद्ध पूर्व में आरसी जारी की जा चुकी है, उनसे बकाया कर की वसूली हेतु नियमानुसार की कार्रवाई के संबंध में तहसील सदर को पत्राचार तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
- वार्डवार राजस्व वसूली की समीक्षा: समस्त कर निरीक्षकों एवं कर संग्रहकर्ताओं को अपने-अपने आवंटित वार्डों में नियमित रूप से भ्रमण कर कर वसूली में तेजी लाने, बकायेदारों की अद्यतन सूची तैयार करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नगर पालिका के राजस्व में वृद्धि एवं लंबित करों की वसूली को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा निर्धारित समय सीमा में दिए गए लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारी:
कर निरीक्षक श्री भारत प्रकाश, श्री वेद प्रकाश सैनी, श्री हिमांशु चंद्रा तथा कर संग्रहकर्ता श्री मोहन चिलवाल, श्री पियूष भंडारी, श्री अंकित बिष्ट, श्री शाकिर अली, श्री दीप राज, श्री गोविन्द रावत, श्री कंचन चंद्र, श्री शनि वाल्मीकि सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











