आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों एवं निजी हॉस्पिटल में इलाज में परेशानी हो तो सीएमओ से करें संपर्क: डॉ. रश्मि पंत ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सचल चिकित्सा वाहन तैनात

नैनीताल, 10 सितंबर 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमों द्वारा आज 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 72 ब्लड सैंपल लिए गए। इसके साथ ही क्षेत्र से पानी के 7 सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। इस दौरान आवश्यकतानुसार दवाएं, ओआरएस, जिंक एवं क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं तथा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।

सचल चिकित्सा वाहन से घर के नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत द्वारा सचल चिकित्सा वाहन तैनात किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को घर के समीप ही स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच, दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट की ओपीडी पर्ची निःशुल्क कर दी गई है, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यह भी पढ़ें 👉  टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 200 निक्षय पोषण किट वितरित

ज्योलिकोट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी

ज्योलिकोट क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के क्रम में 10 सितंबर को नीलकंठ हॉस्पिटल से डॉ. मेघा रखोलिया एवं डॉ. साहिल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ओपीडी कर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं 11 सितंबर को बृजलाल हॉस्पिटल हल्द्वानी की गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रेया नेगी एवं साईं हॉस्पिटल हल्द्वानी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सती द्वारा ओपीडी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। क्षेत्रवासियों से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।

इसके अतिरिक्त गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट एवं भल्यूटी-चोपड़ा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में आज कुल 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा जल जनित रोगों से बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ क्षेत्रवासियों के साथ खड़ा है। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक दवाओं का वितरण निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  शिक्षकों ने उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सोपा

पानी उबालकर ही पिएं, स्वच्छता का रखें विशेष ध्यान

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जल जनित रोगों से बचाव के लिए पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पिएं, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आवश्यक सावधानियों का पालन करें। किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य टीम से संपर्क करने की अपील की गई है।

आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों एवं निजी हॉस्पिटल में इलाज में परेशानी हो तो सीएमओ से करें संपर्क

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों अथवा किसी निजी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को आवश्यक सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Advertisement
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad