कुमाऊं विश्वविद्यालय और ईडीआईआई के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड में उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान

नैनीताल, । कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत ने उत्तराखंड में उद्यमिता आधारित विकास एवं नवाचार संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद (EDII) के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में उद्यमिता एवं नवाचार को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं स्टार्टअप गतिविधियों से जोड़ने तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को प्रोत्साहित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस. रावत ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कुमाऊं विश्वविद्यालय युवाओं को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि रोजगार सृजक और नवाचार के अग्रदूत के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक ज्ञान, कृषि एवं खाद्य संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान स्थानीय खाद्य आधारित उद्यमों के लिए एफएसएसएआई (FSSAI) प्रमाणन प्रक्रिया को सुगम बनाने, विद्यार्थियों में उद्यमिता की संस्कृति को मजबूत करने तथा युवा उद्यमियों के लिए बाजार संपर्क एवं विपणन अवसरों का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की गई।
ईडीआईआई के महानिदेशक डॉ. सुनील शुक्ला ने कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा उद्यमिता संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी से उत्तराखंड में नवाचार एवं स्टार्टअप आधारित विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, उद्योग संपर्क और उद्यम स्थापना के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बैठक में उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी देवभूमि उद्यमिता योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों संस्थानों ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जोड़ने, स्टार्टअप्स को बाजार उपलब्ध कराने तथा उद्यमिता को शिक्षा के साथ प्रभावी रूप से जोड़ने के लिए संयुक्त प्रयासों को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के आवाहन पर संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम व सेवानिवृत्त कर्मचारी संघर्ष समिति कुमाऊँ मंडल विकास निगम के सहयोग से नैनीताल कुमाऊं मंडल विकास निगम मुख्यालय में किया जा रहा धरना अध्यक्ष राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी के नेतृत्व में दूसरे दिन भी जारी रहा

बैठक में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय और ईडीआईआई अहमदाबाद के बीच यह सहयोग राज्य में नवाचार, स्थानीय संसाधनों और युवाओं की रचनात्मक क्षमता पर आधारित एक मजबूत एवं टिकाऊ उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उत्तराखंड को स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।