सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत प्रथम दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित
पदमपुरी (धारी), 17 जुलाई 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी में निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके निकट विशेषज्ञ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है।
शिविर का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं विधायक भीमताल श्री राम सिंह कैड़ा द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर श्रीमती भावना आर्य (ब्लॉक प्रमुख, धारी), श्रीमती रेखा देवी (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती रेखा आर्या (ग्राम प्रधान), श्री दीवान बिष्ट (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती रेनू आर्या (ग्राम प्रधान) सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल द्वारा शिविर का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने लाभार्थियों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों डॉ. चंद्रशेखर भट्ट, डॉ. कविता लोहनी, डॉ. स्नेही कन्याल, डॉ. धर्मेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. कुमोद पंत, डॉ. टी. पूजा, डॉ. दीप्ति रावत, डॉ. हिमांशु कांडपाल एवं डॉ. दीपक पांडे द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर की जांच, विभिन्न लैब जांच, एक्स-रे, निःशुल्क औषधि वितरण, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आयुष्मान भारत एवं आभा आईडी सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 385 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 225 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 215 लोगों की ब्लड शुगर जांच, 170 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 85 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच, 85 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 95 लोगों की एलएफटी जांच तथा 95 लोगों की टीएफटी जांच की गई। 35 लोगों के अल्ट्रासाउंड इसके अतिरिक्त 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 35 लोगों के एक्स-रे, 2 दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए तथा 14 लोगों की बलगम जांच की गई। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत 45 बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग भी की गई व 28 लैब जांच की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत आयोजित इन वृहद स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, आवश्यक जांच, निःशुल्क दवाइयां तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
शिविर के सफल आयोजन एवं संचालन में शशि खांप, कमलेश बचखेती, बसंत गोस्वामी, कैलाश चंद थापा, अजय कुमार एवं दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











