सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन उप जिला चिकित्सालय रामनगर में 449 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
रामनगर, । मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत उप जिला चिकित्सालय रामनगर में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर के तीसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित करना रहा।
शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर श्रीमती मंजू नेगी (ब्लॉक प्रमुख) एवं श्री संजय नेगी (ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख, रामनगर) सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर का निरीक्षण डॉ. तपन शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं डॉ. एस.एस. बिष्ट, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण करते हुए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों का परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर की जांच, एक्स-रे, विभिन्न लैब जांच, आयुष्मान भारत कार्ड एवं आभा आईडी निर्माण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल 449 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान 255 लोगों की ब्लड शुगर जांच, 260 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 115 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 80 गर्भवती महिलाओं की जांच, 120 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 114 लोगों की एलएफटी/केएफटी सहित अन्य रक्त जांच, 10 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा 54 लोगों के एक्स-रे किए गए। इसके अतिरिक्त 4 आयुष्मान भारत कार्ड एवं 112 आभा आईडी भी बनाई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे वृहद स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, आवश्यक जांच एवं विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आमजन से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि दिनांक 17 जुलाई 2026 को पदमपुरी (धारी) में भी निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. तपन शर्मा, डॉ. एस.एस. बिष्ट, डॉ. दीपा आर्य, डॉ. संदीप पांगती, आकाशा बनकोटी, डॉ. मीनाक्षी गुरानी, मनोज सती, रवि कुमार, मनमोहन रमोला, पवन तिवारी, राजीव बदलाकोटी, रीता तथा दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
…………………………………………………








