अनियंत्रित होकर खाई में गिरा वाहन, एक की मौत, एक गंभीर कोहरा और संकरे मोड़ में पैराफिट ना होना बना कारण

नैनीताल। नगर के समीपवर्ती दोगांव क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक समेत एक अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचित करने के साथ ही राहत कार्य चलाया। पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। जिनको 108 से उपचार के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया। जहां एक की मौत हो गयी।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम कालाढूंगी निवासी भूपेंद्र सिंह बिष्ट नैनीताल से वाहन संख्या यूके-04- एए- 2627 से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ एक अन्य साथी डॉ हिमांशु कांडपाल भी मौजूद थे। दोगांव क्षेत्र में पहुंचने पर सड़क पर हल्का कोहरा लगा हुआ था। इसी बीच अचानक संकरे मोड़ पर चालक को सड़क का अंदाजा नहीं आया और वाहन खाई की ओर गिर गया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खाई की ओर से आवाज सुन राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। साथ ही खाई में उतर कर पुलिस के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और 108 की मदद से हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया। जहां भूपेंद्र सिंह बिष्ट को मृत घोषित कर दिया गया। तल्लीताल एसओ रोहिताश सिंह सागर ने बताया कि दोनों के स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है। हादसे में घायल भूपेंद्र की मौत की सूचना मिल रही है। वहीं डॉ हिमांशु की हालत भी गंभीर बनी हुई है। डॉ हिमांशु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी के पद पर तैनात है।
Advertisement
ADVERTISEMENTS











