नैनीताल में 08 से 16 अगस्त 2026 तक चलेगा विशेष सफाई अभियान, उच्च न्यायालय के आदेशों का होगा अनुपालन*शहरी, ग्रामीण व वन क्षेत्रों में होगा विशेष सफाई अभियान, जिलाधिकारी ने गठित की टीमें, हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-खैरना, भीमताल-कालाढूगी सहित सभी मुख्य मार्गों के साथ ही अन्य मार्गों की 8 दिन तक होगी विशेष सफाई

नैनीताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में जनपद के शहरी, ग्रामीण एवं वन आच्छादित क्षेत्रों के मुख्य मोटर मार्गों व अन्य मार्गों में विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया हल्द्वानी से रामनगर- हल्द्वानी से नैनीताल, हल्द्वानी से खैरना बाया भीमताल एवं कालाढूगी से नैनीताल जाने वाले मार्गों हेतु 08 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा।
जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने हेतु तीन स्तरीय टीमें गठित की गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्र- परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं समस्त खंड विकास अधिकारी।
शहरी क्षेत्र- नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत। वन क्षेत्र- प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल एवं समस्त प्रभागीय वनाधिकारी। गठित शहरी, ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों की टीमें 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 के मध्य अपने-अपने सम्पूर्ण क्षेत्रों में सफाई अभियान का संचालन करेंगे एवं सूचनाओं का एकत्रीकरण करने के साथ ही मा. न्यायालय में शपथ पत्र भी दाखिल करेंगे। जिलाधिकारी ने विशेष सफाई अभियान में स्थानीय निकायों के माहापौर, अध्यक्ष, पार्षदगणों, सभासद तथा ग्रामीण क्षेत्र के समस्त पंचायत प्रतिनिधियों, अध्यक्ष जिला पंचायत, समस्त ब्लाक प्रमुख, समस्त जिला पंचायत सदस्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं प्रधान गण को सफाई अभियान में सहयोग लिया जाए साथ ही सरकारी संस्थानों, संगठनों, महिला, युवक मंगल दलों, एनजीओ, स्वयं सहायत समूहों, एनसीसी एनएसएस आदि सक्रिय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।