पोषण पखवाड़ा समापन समारोह

ज्योलीकोट l कृषि विज्ञान केन्द्र ज्योलीकोट द्वारा प्रभारी अधिकारी डा० सी० तिवारी के निर्देशन में आठ से बाईस अप्रैल तक जनपद के विभिन्न आंगनबाडी केन्द्रों में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अन्तर्गत आंगनबाडी केन्द्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को केन्द्र पर आने वाली गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषक आहार बनाये जाने की विभिन्न विधियों के बारे में जानकारी दी गयीं। डा० सुधा जुकारिया द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक आंगनबाड़ी में पोषण वाटिका लगाये जाने की वैज्ञानिक जानकारी दी गयी तथा सब्जी बीजों के मिनि किट भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिये गये। गर्भवती एवं धात्री माताओं को भोजन में प्रयोग किये जाने के लिये रामदाने के लड्डू के वितरण के साथ साथ बनाने का विधि प्रदर्शन भी किया गया। सभी महिलाओं को विडियो फिल्म के माध्यम से गर्भावस्था एवं दूध पिलाने वाली माताओं द्वारा लिये जाने वाले संतुलित आहार एवं टीकाकरण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के अन्तर्गत ग्राम गेठिया पड़ाव, स्यालीखेत, पिछलटांडा, तल्ला गेठिया, चोपड़ा, दांगण, डोलमाल, भल्यूटी. सरियाताल एवं दोगड़ा से कुल 183 महिलाओं, 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 08 सहायिकाओं द्वारा भागीदारी की गयी। समापन समारोह के दौरान डा० सुधा जुकारिया द्वारा गर्भवती एवं धात्री माताओं को मोटे अनाजों का प्रयोग करते हुए सन्तुलित आहार लेने की सलाह दी गयी। डा० कंचन नैनवाल द्वारा मोटे अनाजों की पोषण गुणवत्ता एवं खेती के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। डा० शशि तिवारी द्वारा जन्म के तुरन्त बाद नवजात शिशु को माता द्वारा प्रथम स्तनपान में कोलेस्ट्रम की औषधीय गुणवत्ता को देखते हुए दिये जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। समापन कार्यक्रम का संचालन मुन्नी देवी, सुपरवाइजर आंगनबाड़ी द्वारा किया गया।

Advertisement
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad