देर रात टीआरसी की सुरक्षा दीवार भरभराकर गिरी, टला बड़ा हादसा

नैनीताल। लगातार हो रही बारिश के बीच तल्लीताल स्थित टीआरसी (टूरिस्ट रेस्ट हाउस) की सुरक्षा दीवार देर रात अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार शनिवार से जारी बारिश के कारण कुमाऊं मंडल विकास निगम के तल्लीताल टीआरसी के मुख्य गेट के समीप बनी करीब 30 फीट लंबी सुरक्षा दीवार देर रात लगभग एक बजे ढह गई। दीवार गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोग भी सहम गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह दीवार दिन के समय या आवाजाही के दौरान गिरती तो जनहानि और संपत्ति को भारी नुकसान हो सकता था। खास बात यह है कि जिस स्थान पर दीवार गिरी, उसके ठीक ऊपर टीआरसी का भवन स्थित है, जिससे भवन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
टीआरसी की प्रबंधक भगवती लोहनी ने बताया कि देर रात दीवार टूटने की सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की गई और मलबा हटा दिया गया है। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्षतिग्रस्त दीवार का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
लगातार बारिश के बीच शहर में जगह-जगह भूस्खलन और दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मानसून से पहले किए गए सुरक्षा और रखरखाव कार्यों पर भी सवाल उठने लगे हैं।











