प्रॉपर्टी विवाद में दो पक्षों पर एफआईआर पुलिस ने जांच शुरू की
नैनीताल l नगर के मल्लीताल क्षेत्र में प्रॉपर्टी को लेकर दो भाइयों के बीच उपजा विवाद कोतवाली तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर संगीन आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के विरुद्ध क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मल्लीताल स्प्रिंग कॉटेज निवासी गीतिका गंगोला ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर उनके देवर और देवरानी द्वारा प्रॉपर्टी को लेकर उनसे गालीगलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। उन्होंने मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। इधर सोमवार को दूसरे पक्ष की ओर से अनिरुद्ध गंगोला ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाए कि उनके चचेरे भाई और उनकी पत्नी ने उनके साथ मारपीट घर के भीतर घुसकर मारपीट की। साथ ही उन्हें घर से बाहर निकलने और जान से मारने की धमकी देने लगे। मामले में एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि दोनों तहरीर के आधार पर एक पक्ष के अभिनव गंगोला उनकी पत्नी गीतिका गंगोला और दूसरे पक्ष के अनिरुद्ध गंगोला और उनकी पत्नी स्वाति गंगोला के विरुद्ध आईपीसी की धारा 323, 504 506 के तहत क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में फिलहाल जांच की जा रही है।











