जिला बार एसोसिएशन ने चुंगी कर्मचारियों के व्यवहार पर जताई नाराजगी, आयुक्त से कार्रवाई की मांग

नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल ने लेक ब्रिज चुंगी, तल्लीताल के कर्मचारियों ने बार की वरिष्ठ सदस्य अधिवक्ता स्वाति परिहार के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में कुमाऊं आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। बार ने आयुक्त ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अनुसार, एक अगस्त की रात अधिवक्ता स्वाति परिहार के साथ लेक ब्रिज चुंगी पर कर्मचारियों की ओर से विवाद किया गया। मामले की शिकायत तल्लीताल थाने में दर्ज कराई गई थी। एसोसिएशन का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों ने बाद में माफीनामा दिया, लेकिन चुंगी पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं।
जिला बार एसोसिएशन ने आयुक्त को भेजे ज्ञापन में चुंगी व्यवस्था में सुधार के लिए कई सुझाव दिए हैं। इनमें चुंगी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन, सभी कर्मचारियों के लिए निर्धारित वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य करना, रात्रिकालीन पुलिस ड्यूटी लगाना, कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर बनाए रखना तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को नियुक्त न करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा एसोसिएशन ने सभी चुंगी स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, कैमरों के साथ वॉयस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था, प्रशासन एवं पुलिस की ओर से समय-समय पर औचक निरीक्षण कराने तथा चुंगी ठेकेदार और कर्मचारियों की बैठक लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई है। ज्ञापन में चुंगी स्थलों पर मद्यपान पर रोक लगाने की भी मांग की गई है। जिला बार एसोसिएशन ने आयुक्त से पुलिस और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर पूरे मामले में प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।












