आमा मंदिर से हरीश पनेरू ने किया चुनावी शंखनाद, भीमताल विधानसभा में भ्रष्टाचार और अनैतिक कार्यों के खिलाफ संघर्ष का किया ऐलान

ओखलकांडा| भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी क्रम में हरीश पनेरू ने ओखलकांडा ब्लॉक की कुण्डल ग्राम सभा स्थित आमा मंदिर से अपने चुनावी अभियान का शंखनाद किया। कुण्डल ग्राम सभा स्थित आमा मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इसी आस्था के केंद्र से हरीश पनेरू ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, अत्याचार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ वह मजबूती से आवाज उठाएंगे और इन्हें जड़ से समाप्त करने के लिए जनता के बीच जाकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता को एकजुट कर विकास, पारदर्शिता और जनहित के विकास को आगे बढ़ाना है।
हरीश पनेरू ने बताया कि उन्हें क्षेत्र के कई ग्रामीणों का समर्थन प्राप्त हुआ है। ग्रामीणों ने उन्हें आगामी चुनाव लड़ने के लिए अपना आशीर्वाद और समर्थन दिया। इसके बाद उन्होंने आमा मंदिर में शंख बजाकर चुनावी रण में उतरने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि अब वह गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर जनता की समस्याओं और मुद्दों को समझेंगे। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को अपने अभियान से जोड़ने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हो रहे अनैतिक कार्यों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
गौरतलब है कि हरीश पनेरू का क्षेत्र की राजनीति से पुराना जुड़ाव रहा है। वह अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत इसी क्षेत्र से कर चुके हैं। वर्ष 2008 में उन्होंने अधोड़ा, डूंगरी और कुण्डल क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ा था। और भारी मतों से विजय हुए थे। आमा मंदिर से चुनावी शंखनाद के साथ हरीश पनेरू ने आगामी दिनों में भीमताल विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की है।









