आदर्श रामलीला एवं जन कल्याण समिति, सुखाताल की एक महत्वपूर्ण बैठक तालीम कक्ष, एशडेल स्कूल में सम्पन्न हुई

नैनीताल । आदर्श रामलीला एवं जन कल्याण समिति, सुखाताल की एक महत्वपूर्ण बैठक तालीम कक्ष, एशडेल स्कूल में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला के आयोजन, तालीम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से सुन्दरकाण्ड पाठ के साथ तालीम का शुभारम्भ होगा, जिसके पश्चात प्रतिदिन सायंकाल पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला की नियमित तालीम आयोजित की जाएगी।
समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन लोगों का भी स्वागत किया गया जो धार्मिक आस्था से भले न जुड़े हों, किन्तु समाज सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक विकास में विश्वास रखते हों।
समिति ने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे आपसी सद्भाव, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ इस सांस्कृतिक महोत्सव में सहभागी बनें। रामलीला सदैव समाज को जोड़ने और एक परिवार के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। इसी भावना के साथ सभी के सहयोग एवं सहभागिता से इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं सफल बनाया जा सकता है।
आदर्श रामलीला एवं जन कल्याण समिति, सुखाताल समस्त क्षेत्रवासियों से सादर अनुरोध करती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में तालीम एवं आगामी पारंपरिक कुमाऊँनी रामलीला में सहभागिता करें तथा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में सहयोग देकर इस आयोजन को सफल बनाएँ। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष गोपाल सिंह रावत ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष श्रीमती हेमलता पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती लता मेहरा,श्री गिरिजा शंकर पंत, संस्कृत सचिव श्री नासिर अली, सांस्कृतिक सचिव श्री मुकेश धस्माना, कोषाध्यक्ष श्री अमिताभ साह, उप सचिव करन साह, युवा प्रभारी जयवर्धन चंद्र तथा दया बिष्ट उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त श्रीमती हेमा साह, श्रीमती गीतांजलि भट्ट, श्रीमती विनीता भट्ट, शिवेश कुमार, अभिनव मेहरा एवं आदरणीय शास्त्री भी बैठक में उपस्थित रहे।










