तल्लीताल बस अड्डे की करोड़ों की कवायद बेअसर, धूल फांक रही इमारत, जीर्णोद्धार के बाद भी दुकानें और गेस्ट हाउस बंद, रखरखाव नहीं होने का आरोप, पुनीत टंडन ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की
नैनीताल। पर्यटकों के लिए शहर के प्रवेश द्वार तल्लीताल को आकर्षक बनाने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुराने बस अड्डे की इमारत का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया गया, लेकिन योजना अपने मूल उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है। पर्यटन विभाग के अनुसार भवन परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है, लेकिन वर्तमान में इसका रखरखाव नहीं हो रहा है। दुकानें और ऊपरी मंजिल पर बना गेस्ट हाउस भी बंद पड़ा है।
मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर परियोजना की उपयोगिता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर को लेक फ्रंट बुलेवार्ड के रूप में विकसित कर दुकानों का आवंटन किया जाना था, ताकि स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यटकों को आकर्षक प्रवेश अनुभव मिल सके, लेकिन योजना अपने उद्देश्य से भटक गई है।
उन्होंने कहा कि परिसर में पुलिस विभाग की गतिविधियों, बैरियर और वाहनों की पार्किंग के चलते पैदल आवाजाही प्रभावित हो रही है। चौराहे पर बने अंडाकार चक्कर से भी यातायात अवरोध की स्थिति पैदा हो रही है। भवन उपयोगहीन पड़ा है और विभागों को इससे कोई आय भी नहीं हो रही।
टंडन ने प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर परियोजना की समीक्षा कराने, भवन के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।










