डीएसबी परिसर में बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) पर व्याख्यान आयोजित

नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में आज बौद्धिक संपदा अधिकार (Intellectual Property Rights–IPR) विषय पर एक व्याख्यान आयोजित किया गया। व्याख्यान में डॉ. ललित मोहन तिवारी ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के विभिन्न पहलुओं तथा भारत में इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पेनी जोशी द्वारा किया गया।
व्याख्यान के दौरान डॉ. तिवारी ने भारत में बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित प्रमुख कानूनों पर प्रकाश डालते हुए कॉपीराइट अधिनियम, ट्रेडमार्क अधिनियम, पेटेंट अधिनियम, डिजाइन अधिनियम तथा भौगोलिक संकेतक (GI) अधिनियम की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने पौध किस्मों एवं कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम, जैव विविधता अधिनियम और व्यापार रहस्य से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया।
उन्होंने मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, सोचने-समझने की क्षमता और रचनात्मक विचारों के विकास पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि मानव मस्तिष्क नए विचारों और नवाचारों का स्रोत है, जिनका उपयोग समाज एवं विश्व के कल्याण के लिए किया जा सकता है। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपनी रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से ऐसे नवाचार विकसित करें जो मानव जीवन को बेहतर बनाने तथा वैश्विक समस्याओं के समाधान में सहायक हों।
डॉ. तिवारी ने शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को शोध कार्य में नैतिकता बनाए रखने, मौलिकता को महत्व देने तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित नियमों एवं कानूनों के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने शोध एवं नवाचारों के उचित संरक्षण और उनके व्यावहारिक उपयोग में IPR की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. पेनी जोशी, डॉ. गीता तिवारी, डॉ. दीपक आर्य, डॉ. नवीन, डॉ. नंदन, डॉ. श्रुति एवं डॉ. इकराम सहित वनस्पति विज्ञान (Botany) एवं वानिकी (Forestry) विभाग के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने व्याख्यान से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा शोध, नवाचार और बौद्धिक संपदा अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित की।










