दो दिन बाद झील में मिले शव की हुई शिनाख्त, स्टाफ हाउस निवासी रमेश चन्द्र आर्य थे मृत
नैनीताल। ठंडी सड़क पर पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में मिले अधेड़ के शव की दो दिन बाद शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान स्टाफ हाउस निवासी 46 वर्षीय रमेश चन्द्र आर्य के रूप में हुई है। पुलिस ने पहचान की पुष्टि होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी है।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह पाषाण देवी मंदिर के समीप झील में एक अधेड़ का शव उतराता मिला था। छात्रा की तलाश में ठंडी सड़क पहुंची पुलिस की नजर झील में उतराते शव पर पड़ी थी। इसके बाद पुलिस ने नाव चालक की मदद से शव को झील से बाहर निकाला और बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
शव के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या सामग्री नहीं मिलने के कारण शुरुआत में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। इसके बाद पुलिस ने जिले के अन्य थानों और कोतवालियों से संपर्क कर गुमशुदगी की सूचनाओं का मिलान किया। साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही थी। एसएसआई विमल मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान रमेश चन्द्र आर्य के रूप में हुई है। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।









