ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में स्वीप के अंतर्गत SSR जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नैनीताल,। मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 19 नवंबर 2026 को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को SSR की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। स्वीप टीम के श्री राकेश लाल वर्मा जी द्वारा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा फॉर्म-6 भरने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में आयोजित की जा रही निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। इन प्रतियोगिताओं का विषय “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व” रखा गया है। विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता एवं मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। कार्यक्रम का संचालन स्वीप टीम, नैनीताल के राकेश लाल वर्मा, गौरी शंकर कांडपाल, दीपा रैकवाल एवं लक्ष्मी पांडेय द्वारा किया गया। टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, शुद्ध मतदाता सूची के महत्व तथा लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा मतदाताओं को SSR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था ।










