मैसी सूकियास स्मृति अंतर विद्यालयी अंग्रेजी वाद विवाद माउंट फोर्ट एकेडमी ने जीतीहरवंश सिंह व स्वास्तिका सती को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का मिला पुरस्कार

देहरादून। द हैरिटेज स्कूल के तत्वावधान में आयोजित की गई पांचवीं मिसेज मैसी सूकियास स्मृति अंतर विद्यालयी अंग्रेजी वाद विवाद प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक हासिल कर माउंट फोर्ट एकेडमी ने ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
यहां न्यू रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल के सभागार में पांचवीं मिसेज मैसी सूकियास स्मृति अंतर विद्यालयी अंग्रेजी वाद विवाद प्रतियोगिता में शहर के ग्यारह प्रतिष्ठित स्कूलों के युवा वक्ता शामिल हुए। निर्णायकों के प्रतिष्ठित पैनल में पॉपकॉर्न किड्स प्रिपरेटरी स्कूल की प्रिंसिपल, शिक्षाविद और लेखिका नम्रता मुखर्जी और श्रीवास्तव इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश की संस्थापक और कुशल शिक्षाविद बेनीता श्रीवास्तव शामिल थीं। दोनों जजों को गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर वाद विवाद प्रतियोगिता में किसी हुनर को सीखना डिग्री हासिल करने जितना ही मूल्यवान है विषय निर्धारित किया गया था, जो सोचने पर मजबूर करने वाला था। इस दौरान छात्र छात्राओं ने पक्ष एवं विपक्ष में विचारों का दिलचस्प आदान-प्रदान किया और क्योंकि प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, स्पष्टता और प्रभावशाली कौशल के साथ अच्छी तरह से रिसर्च किए गए तर्क पेश किए।
वाद विवाद में माउंट फोर्ट एकेडमी ने सर्वाधिक अंक हासिल कर विजेता रही और एन मैरी स्कूल को उप विजेता घोषित किया गया। दून कैम्ब्रिज स्कूल के हरवंश सिंह को प्रस्ताव के पक्ष में सर्वश्रेष्ठ वक्ता और एन मैरी स्कूल की स्वास्तिका सती को प्रस्ताव के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ वक्ता घोषित किया गया।
निर्णायक नम्रता मुखर्जी ने छात्रों के बेहतरीन तरीके से बोलने की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह वाद विवाद इसलिए संभव हो पाई क्योंकि हम शिक्षित हैं। मुखर्जी ने कहा कि हम शिक्षा के महत्व को नकार नहीं सकते। स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी ने भी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। इस दौरान स्कूल की काउंसलर चारू चैधरी एवं प्रधानाचार्या डॉ. अंजू त्यागी ने निर्णायकों व शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल की अंग्रेजी फैकल्टी सुश्री पल्लवी बिंद्रा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों की शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रही।











