राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन, नैनीताल की अध्यक्ष श्रीमती मंजू बिष्ट के नेतृत्व में आज शिष्टमंडल ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से वार्ता की

नैनीताल, 1। राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन, नैनीताल की अध्यक्ष श्रीमती मंजू बिष्ट के नेतृत्व में आज शिष्टमंडल ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से वार्ता की।
शिष्टमंडल ने सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, नैनीताल से मुलाकात की। इस दौरान बी.डी. पाण्डे चिकित्सालय में वरिष्ठ नागरिकों को वरीयता के आधार पर चिकित्सा सुविधा देने, अस्पताल परिसर में गोल्डन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड योजना की सुविधाओं को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने तथा पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों को प्राथमिकता पर प्रतिहस्ताक्षरित करने की मांग रखी गई। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद शिष्टमंडल ने प्रबंध निदेशक/महाप्रबंधक, कुमाऊं मण्डल विकास निगम से गैस वितरण की समस्या पर वार्ता की। शिष्टमंडल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा होम डिलीवरी नहीं की जा रही है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी हो रही है। साथ ही गैस ऑफिस के इन्क्वायरी काउंटर पर फोन नहीं उठने की शिकायत भी रखी गई, जिस पर महाप्रबंधक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिष्टमंडल में त्रिलोक सिंह रौतेला, ललित मोहन पाण्डेय, के.एस. कार्की, एन.बी. पंत, प्रगति साह, दीपा बिष्ट, चन्द्रकांता खोलिया, रेखा त्रिवेदी आदि शामिल रहे।
एसोसिएशन का अगला कार्यक्रम बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को रहेगा, जिसमें शिष्टमंडल मुख्य कोषाधिकारी, नैनीताल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल से वार्ता करेगा।










