अकादमिक आउटरीच के तहत जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया डीएसबी परिसर के प्राणी विज्ञान विभाग का भ्रमण

नैनीताल। अकादमिक आउटरीच एवं शैक्षिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज, बरेली के 25 विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों डॉ. मोहम्मद नईम, श्रीमती अंबिका यादव एवं सुश्री सना खान के साथ कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल स्थित प्राणी विज्ञान विभाग का शैक्षिक भ्रमण किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभाग के प्राणी विज्ञान संग्रहालय का अवलोकन किया और विभिन्न प्राणी नमूनों तथा उनकी शैक्षिक उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की। संग्रहालय में संरक्षित विभिन्न प्राणी नमूनों एवं कंकालों के संबंध में डॉ. दीपक मेलकानी ने विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नमूनों के संरक्षण की प्रक्रिया, उनकी पहचान तथा प्राणी विज्ञान के अध्ययन और अनुसंधान में उनके महत्व के बारे में भी बताया।
विभाग वर्तमान में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में अकादमिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को आगे बढ़ा रहा है। जापान के मॉडल पर विकसित प्राणी विज्ञान संग्रहालय भी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में विभाग की शैक्षिक एवं शोधपरक उपलब्धियों का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इसके साथ ही, विभाग प्रो. एच.सी.एस. बिष्ट के मार्गदर्शन में निरंतर कार्य कर रहा है।
विद्यार्थियों को उन्नत वैज्ञानिक उपकरणों की कार्यप्रणाली और अनुसंधान में उनके उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को प्रयोगशाला एवं शोध कार्यों से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. एम.के. आर्य, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. लज्जा भट्ट, प्रो. दीपिका गोस्वामी, डॉ. दीपक कुमार आर्य, डॉ. हिमांशु लोहनी, डॉ. मुकेश सामंत, डॉ. नेत्रपाल शर्मा, डॉ. सीता, डॉ. संदीप, डॉ. दिव्या पांगती, डॉ. उज़मा, पंकज भट्ट एवं अन्य शोधार्थी उपस्थित रहे।
यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, प्रायोगिक समझ और अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक उपयोगी पहल साबित हुआ।












