डॉ. विजय कुमार बने वाणिज्य संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष

नैनीताल। कुमाऊं विवि के वाणिज्य विभाग में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार को वाणिज्य संकाय का संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट की संस्तुति पर प्रभारी कुलसचिव प्रो. रितेश साह की ओर से इस आशय का आदेश जारी किया गया है।
डॉ. विजय कुमार को अकादमिक क्षेत्र के साथ ही प्रशासनिक कार्यों का भी लंबा अनुभव है। वे राष्ट्रीय सेवा योजना के विश्वविद्यालय समन्वयक, देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी, फ्लाइंग कन्वीनर और जैम नोडल अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. विजय कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं परिवार के सहयोग के साथ अपने मार्गदर्शक पूर्व अध्यक्ष लोक सेवा आयोग उत्तराखंड, पूर्व डीन कॉमर्स एवं पूर्व कुलपति आम्रपाली विवि प्रो. एनएस बिष्ट को दिया है। डॉ. विजय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 50 से अधिक शोध पत्र तथा एक पुस्तक प्रकाशित हो चुकी है। उनके कुशल निर्देशन में छह शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि मिल चुकी है, जबकि छह अन्य शोधार्थी वर्तमान में पंजीकृत होकर शोध कार्य कर रहे हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने पर विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. आरती पंत, डॉ. ममता जोशी लोहुमी, डॉ. निधि वर्मा, डॉ. हिमानी जलाल, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. तेजप्रकाश, डॉ. पूजा जोशी पालीवाल, डॉ. रितिशा शर्मा, डॉ. ताबिश, डॉ. मेराज, डॉ. पंकज भट्ट, अमनदीप कौर, आयुषी टम्टा, दीक्षा पंत, हिमांशु बिष्ट, घनश्याम पालीवाल, बिशन समेत कुमाऊं विवि शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी आदि ने बधाई दी है।












