कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक के प्रकाश चन्द्र चौधरी बने अध्यक्ष, इन्द्र परिहार उपाध्यक्ष बने

नैनीताल । कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक लिमिटेड, नैनीताल की सामान्य निकाय के निर्वाचन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। इसके उपरांत प्रतिनिधियों द्वारा बैंक के संचालक मंडल के लिए 13 सदस्यों का चयन किया गया। विशेष बात यह रही कि नवगठित संचालक मंडल में 5 महिला निदेशकों को शामिल किया गया है, जो बैंक के संचालन तथा नीतिगत निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी और समावेशी नेतृत्व को बढ़ावा देगा।
बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 और लागू नियामकीय प्रावधानों के तहत बैंक के सुशासन, पारदर्शिता, व्यावसायिक दक्षता तथा उच्च मानकों के अनुरूप संचालक मंडल का गठन किया गया है। इसमें वित्त, बैंकिंग, विधि एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले प्रतिनिधियों को स्थान मिला है। नवगठित संचालक मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रकाश चन्द्र चौधरी को अध्यक्ष तथा इन्द्र सिंह परिहार को उपाध्यक्ष चुना है।
विभिन्न सहकारी संस्थाओं में बैंक का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिनिधियों का भी चुनाव किया गया है। इसके तहत नेशनल फेडरेशन ऑफ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स एंड क्रेडिट सोसाइटीज लिमिटेड के लिए डॉ. केदार पलड़िया, नैनीताल जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के लिए महिपाल सिंह डंगवाल तथा उत्तराखण्ड अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक्स फेडरेशन के लिए डॉ. केदार पलड़िया एवं हेमराज सिंह मीहर का चयन किया गया है। इस चुनाव अवसर पर बैंक के निवर्तमान अध्यक्ष विनय साह, सचिव श्री संजय साह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निदेशक मंडल के अन्य सदस्यों में लीला आर्य,सुनीता साह,रमाकांत अग्रवाल,संगीता साह,निधि साह,विकास साह, घनश्याम लाल साह,राजेश साह,भुवन चन्द्र शर्मा, दिव्यांशु सक्सेना,डॉ. केदार पलड़िया शामिल थे । इनमें संगीता साह व केदार पलड़िया पुनः निदेशक बने हैं ।
नव निर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व निदेशक मंडल के सदस्यों को उप निर्वाचन अधिकारी/निर्वाचन अधिकारी अनुराग आर्य ने शपथ ग्रहण कराई और प्रमाण पत्र प्रदान किये । निवर्तमान अध्यक्ष विनय साह ने नए अध्यक्ष का स्वागत किया ।
बैंक के नए अध्यक्ष पर प्रकाश चन्द्र चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया है कि नया संचालक मंडल सहकारिता के मूल सिद्धांतों, वित्तीय समावेश, ग्राहक सेवा, तकनीकी उन्नयन और संस्थागत मजबूती की दिशा में निरंतर कार्य करेगा। बैंक अपने ग्राहकों, सदस्यों एवं जमाकर्ताओं को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उत्तराखण्ड में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नए अध्यक्ष मूलतः मल्लीताल बाजार निवासी हैं जो अब देहरादून में रहते हैं । वे नाबार्ड के मुंबई ऑफिस से “हेड एच आर व लॉ” के पद से सेवानिवृत्त हैं ।
इस अवसर पर बैंक के सचिव संजय साह, बैंक अधिकारी अखिल साह,पवन साह,नीरज कुमार साह,अर्जुन सिंह नेगी,विमल साह आदि मौजूद थे ।












