सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत दौलतपुर में वृहद स्वास्थ्य शिविर, 283 लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

दौलतपुर (हल्द्वानी), 20 जुलाई 2026। मुख्य चिकित्सा अधिकारी जनपद नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में प्रदेश सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दौलतपुर में प्रथम दिवस निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 283 लोगों ने पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, जांच एवं उपचार की सुविधाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का शुभारंभ डॉ. हरीश पांडे, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, हल्द्वानी ब्लॉक, बालम सिंह बिष्ट (क्षेत्र पंचायत सदस्य), अर्जुन बिष्ट (प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य) एवं नीरज रेलवाल (ग्राम प्रधान) ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर का निरीक्षण डॉ. मनोज कांडपाल ने किया। उन्होंने पंजीकरण, जांच एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में डॉ. हिमांशु कांडपाल (मनोरोग चिकित्सक), डॉ. विजय जोशी (नेत्र रोग सर्जन), डॉ. दिलीप वार्ष्णेय (ईएनटी सर्जन), डॉ. अनिता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. एम.एस. रावत (बाल रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. डी.के. त्रिपाठी (हड्डी रोग विशेषज्ञ) सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
शिविर के दौरान 170 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 165 लोगों की ब्लड शुगर जांच, 125 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 78 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 85 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच, 85 लोगों की एलएफटी जांच तथा 95 लोगों की टीएफटी जांच की गई। इसके अतिरिक्त 11 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 35 एक्स-रे, 61 बलगम जांच, 93 लैब जांचें तथा 5 दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए। साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत 224 आभा आईडी बनाई गई ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे इन वृहद स्वास्थ्य शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, उपचार, दवा वितरण एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर के सफल संचालन में डॉ. कंचन, भावना, हेमा, आकांक्षा, संगीता, बसंती, हरीश चंद फोलोरिया, अजय भट्ट, वीरेंद्र सिंह, दीवान बिष्ट, राकेश उप्रेती सहित समस्त स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।