बकरी चराने गए किशोर किशोरी जंगल से गायब, क्षेत्र में मचा हड़कंप-पुलिस प्रशासन खोजबीन में लगे, पटवारी देर रात पहुंचे क्षेत्र में, बच्चे रास्ता भटक पहुंचे दूसरे गांव, मिले तो ग्रामीणों ने ली चैन की सांस
नैनीताल। नैनीताल से 19 किलोमीटर दूर घुग्गुखान गांव में बकरी चराने गए एक किशोर व किशोरी के गुम होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के जंगल में खोजने के बाद भी उनका पता नहीं चला तो लोग कई कयास लगाने लगे। पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों की खोजबीन के बाद देर रात दूसरे गांव में दोनों सकुशल मिल गए।जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को घुग्गु खान निवासी 9 वर्षीय किशोर और 13 वर्षीय किशोरी चचेरे भाई बहन दिन में बकरी चराने जंगल गए थे। देर शाम तक वह घर वापस नही आये तो परिजनों ने चिंता जताई और खोजबीन शुरू कर दी। लोगों से पूछताछ और खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। जिसके बाद 50 से ज्यादा ग्रामीणों ने रात तक जंगल में दोनों नाबालिगों को सर्च किया लेकिन उसके बाद भी दोनों का कहीं पता नहीं चल पाया। जानकारी नहीं मिलने पर लोगों ने पटवारी को सूचना दे दी। जिसके बाद टीम मौके के लिए रवाना हो गई।
ग्राम प्रधान मोहन अधिकारी ने बताया कि दोनों बच्चे जंगल में रास्ता भटक दूसरे गांव में पहुंच गए थे। पता न चलने पर ग्रामीणों में चिंता का माहौल था। बच्चों के मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तहसीलदार मनीषा मरकाना ने बताया कि सूचना के बाद तीन पटवारी व अन्य टीम को क्षेत्र में भेजी गई थी लेकिन बच्चे सकुशल दूसरे गांव में मिल गए हैं।


