तेज बारिश में सैनिक स्कूल के पीछे की सुरक्षा दीवार ढही

नैनीताल l बीते मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान सैनिक स्कूल के पीछे चाइन पीक–किलवरी रोड पर बनी सुरक्षा दीवार भरभराकर टूट गई। दीवार का मलबा रात में ही पीछे स्थित घरों के बेहद करीब आकर गिरा, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भाजपा कार्यकर्ता भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दीवार टूटने के बाद पूरे इलाके में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। रात को तेज आवाज के साथ दीवार गिरी और बड़ा हिस्सा ढहकर रिहायशी क्षेत्र की ओर आ गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई l बिष्ट ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है। बीते साल भी इसी क्षेत्र में सुरक्षा दीवार का हिस्सा टूटा था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में प्रशासन और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर रोष है। लोगों का कहना है कि दीवार की मरम्मत हर बार खानापूर्ति तक सीमित रह जाती है, जिससे बारिश में खतरा और बढ़ जाता है।