शराब के नशे में पर्यटकों का हंगामा, पार्किंग कर्मियों से मारपीट, बुजुर्ग को टक्कर; वाहन सीज तीन पर कार्रवाई
नैनीताल। उत्तर प्रदेश के रामपुर से नैनीताल घूमने आए चार पर्यटकों ने बृहस्पतिवार देर शाम शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। पार्किंग कर्मचारियों से मारपीट करने के बाद आरोपियों ने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। भागने के दौरान उनकी एक्सयूवी की चपेट में आने से एक बुजुर्ग घायल हो गए। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चारों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर निवासी हार्दिक सक्सेना अपने साथियों शौर्य गुप्ता, रोहित कश्यप और सार्थक सक्सेना के साथ नैनीताल घूमने आया था। फांसी गधेरा स्थित कार पार्किंग में वाहन खड़ा करने को लेकर उनका पार्किंग कर्मचारियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
विवाद के बाद आरोपी तेज रफ्तार में वाहन लेकर मौके से भाग निकले। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। छात्रावास के समीप सड़क पर टहल रहे एक बुजुर्ग को भी उनकी एक्सयूवी ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने वाहन को रोक लिया और चारों युवकों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि वाहन चालक हार्दिक सक्सेना पुत्र सुदेश कुमार सक्सेना निवासी सिविल लाइंस, रामपुर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। चिकित्सीय परीक्षण में इसकी पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिया गया। उसके साथ मौजूद शौर्य गुप्ता, रोहित कश्यप और सार्थक सक्सेना के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई है।









