नैनीताल में मेनू कैम्प–2026 का शुभारंभ, कुलपति, कुमाऊँ विश्वविद्यालय प्रो. (कर्नल) दीवान एस रावत ने किया सेलिंग एक्सपीडिशन का फ्लैग-ऑफ

नैनीताल । 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट मेनू कैम्प–2026 का सोमवार को नैना देवी परिसर स्थित एनसीसी बोट पूल के निकट शुभारंभ हुआ। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान एस रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में कैम्प का उद्घाटन किया और नैनी झील में आयोजित सेलिंग एक्सपीडिशन को फ्लैग-ऑफ किया।कैम्प के उद्घाटन अवसर पर 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने कुलपति का स्वागत किया तथा कैम्प की रूपरेखा, उद्देश्यों और विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। कैम्प में 35 एसडी एवं 25 एसडब्ल्यू सहित कुल 60 एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं।कैडेट्स को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो . रावत ने कहा कि एनसीसी केवल परेड, वर्दी अथवा सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, साहस, आत्मविश्वास, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए तैयार करते हैं।उन्होंने कहा कि सेलिंग एक्सपीडिशन इस कैम्प की प्रमुख गतिविधियों में से है और इसके माध्यम से कैडेट्स को वास्तविक परिस्थितियों में टीमवर्क, समन्वय, नेतृत्व एवं निर्णय क्षमता का प्रयोग करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नौकायन में प्रत्येक सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और यही भावना जीवन में भी सफल टीमवर्क की आधारशिला बनती है।कुलपति ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय एवं विशेष रूप से डीएसबी परिसर के एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कैडेट्स ने रिपब्लिक डे कैम्प, विभिन्न नेवी कैम्प अटैचमेंट्स, इंडियन नेवल एकेडमी से संबंधित प्रशिक्षण, साइबर डिफेंस कैम्प तथा आपदा मित्र एवं आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों में सहभागिता कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से यह स्पष्ट होता है कि विश्वविद्यालय के कैडेट्स स्वयं को केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए आधुनिक राष्ट्रीय चुनौतियों के लिए भी तैयार कर रहे हैं।उन्होंने कैडेट्स द्वारा किए जा रहे नैनी झील की स्वच्छता, प्लास्टिक-मुक्त झील अभियान, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, रैलियों एवं नुक्कड़ नाटकों जैसी सामाजिक गतिविधियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनसीसी कैडेट्स द्वारा समाज के बीच जाकर जागरूकता फैलाना उनके प्रशिक्षण को वास्तविक सामाजिक सेवा से जोड़ता है।कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि आज के समय में आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे अपने प्रशिक्षण और कौशल का उपयोग भविष्य में समाज और राष्ट्र की सेवा में करें।उन्होंने बारिश के बावजूद कैडेट्स के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियाँ भी प्रशिक्षण का हिस्सा हैं और कठिन परिस्थितियों में मनोबल बनाए रखना ही वास्तविक साहस की पहचान है। उन्होंने कहा कि बारिश कैडेट्स के उत्साह को कम नहीं कर सकी और उन्होंने पूरे जोश एवं अनुशासन के साथ गतिविधियों में भाग लिया।उद्घाटन के बाद कुलपति ने कैम्प में कैडेट मानवी सनवाल तथा कैडेट सचिन द्वारा तैयार किए गए शिप मॉडल्स का अवलोकन किया। उन्होंने कैडेट्स से विभिन्न मॉडलों के निर्माण, उनकी संरचना और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली तथा उनकी रचनात्मकता एवं तकनीकी समझ की सराहना की। इसके बाद उन्होंने सीमैनशिप गतिविधियों का भी निरीक्षण किया और कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित व्यावहारिक कौशल, अनुशासन एवं टीमवर्क की प्रशंसा की।यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि कैम्प के दौरान सेलिंग एवं सीमैनशिप के अतिरिक्त फायरिंग, स्विमिंग, जल सुरक्षा एवं जीवन रक्षक प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, ऑब्स्टेकल एवं एडवेंचर गतिविधियों तथा शिप मॉडलिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही नैनी झील संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक-मुक्त झील अभियान, रैलियों एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता की गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी।इस अवसर पर प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह, चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद, इंस्ट्रक्टर विक्रांत, पेट्टी ऑफिसर प्रशांत सिंह तोमर, अनूप सिंह, कवीन्द्र कन्याल, सनी कुमार, सुधीर थलवाल, अमर कुमार प्रधान, दीपक, तेज सिंह धामी, शिम मॉडल इंस्ट्रक्टर कमलेश जोशी, गणेश नयाल, तोप बहादुर थापा, हिमांशु बिष्ट, कमलेश बोरा, दीपक चंद, शेर सिंह एवं कैडेट्स उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन कैडेट आरोही चौधरी एयर कैडेट निवेदिता ने किया।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क की मांग को लेकर कृष्णापुर वार्ड के लोगों का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad